आंदोलन के लिए तैयार है प्रदेश का किसान
उज्जैन, 30 सितम्बर।
मध्यप्रदेश देश का सबसे बड़ा सोयाबीन उत्पादक राज्य है। लेकिन इस बार मौसम की मार और बाजार में लगातार गिरते दामों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इन्हीं समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने प्रदेश सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसान अब भावांतर योजना के भरोसे नहीं रहेंगे, बल्कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी ही चाहते हैं।
भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने उज्जैन में आयोजित पत्रकारवार्ता में जानकारी देते हुए कहा कि संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक सोमवार को संपन्न हुई। इसमें मालवा, मध्यभारत और महाकौशल प्रांत के पदाधिकारियों ने भाग लिया। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सोयाबीन की खरीदी केवल एमएसपी पर होनी चाहिए। इसके लिए प्रदेश सरकार को केंद्र सरकार से आग्रह करना होगा और पंजीयन प्रक्रिया तुरंत प्रारंभ करनी होगी।
भावांतर योजना पर भरोसा नहीं
आंजना ने कहा कि किसानों के बीच भावांतर योजना को लेकर गहरा अविश्वास है। वर्ष 2018 के भावांतर की राशि आज तक किसानों को नहीं मिली। इससे किसानों में आक्रोश है और इस योजना को पूरी तरह नकार दिया गया है।
अतिवृष्टि और पीला मोजेक से बर्बाद फसलें
उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष अतिवृष्टि और पीला मोजेक रोग के कारण प्रदेशभर में सोयाबीन की फसल बर्बाद हुई है। उत्पादन में भारी गिरावट आई है। ऐसे में सरकार तत्काल सर्वे कराए और प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि वितरित करे।
किसान तैयार हैं आंदोलन के लिए
प्रदेश अध्यक्ष ने साफ शब्दों में कहा – “यदि सरकार एमएसपी पर खरीदी सुनिश्चित नहीं करती और भावांतर योजना पर ही अड़ी रहती है, तो प्रदेशभर का किसान राजधानी भोपाल में बड़ा आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।”
बैठक में रहे प्रमुख पदाधिकारी
बैठक में प्रमुख रूप से क्षेत्र संगठन मंत्री महेश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना, महामंत्री चंद्रकांत गौर, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र पालीवाल, मालवा प्रांत संगठन मंत्री अतुल माहेश्वरी, प्रांत महामंत्री रमेश दांगी, प्रांत मंत्री भारत सिंह बैंस, योगेन्द्र भामू, मध्यभारत प्रांत अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान, प्रांत संगठन मंत्री भरत सिंह पटेल, प्रांत महामंत्री शिवनंदन रघुवंशी, नमो नारायण दीक्षित, महाकौशल प्रांत अध्यक्ष गजराज सिंह, प्रांत संगठन मंत्री तुलाराम जी, प्रांत महामंत्री प्रहलाद सिंह पटेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments