सेवा बस्तियों में बदलाव की नई पहल, 40 ‘सेवा दीदियों’ का हुआ अभिनंदन
इंदौर। सेवा कार्य केवल जरूरतमंदों को वस्तुएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका उद्देश्य व्यक्ति को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना भी होना चाहिए। सेवा कार्य में सलाह से अधिक सामूहिक सहभागिता और मन से सेवा भाव की आवश्यकता है। शिक्षा, रोजगार और विचारों में सकारात्मक परिवर्तन के माध्यम से जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए।
यह विचार माधव सृष्टि आरोग्य केंद्र द्वारा आयोजित सेवा दीदियों के अभिनंदन समारोह में अतिथियों ने व्यक्त किए। अतिथियों ने कहा कि सेवा बस्तियों में आहार, स्वच्छता और स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। दवाइयां, कपड़े और भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ शिक्षा एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी सेवा कार्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मित्तल गृह उद्योग की डायरेक्टर श्रीमती अनिता मित्तल थीं। इस अवसर पर श्री गुरुजी सेवा न्यास के उपाध्यक्ष श्री दिनेश अग्रवाल, सेवा भारती के श्री मधुसूदन अग्रवाल एवं डॉ. संजय लौंढे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में सेवा बस्तियों में कार्यरत 40 बहनों का उनके विशिष्ट सेवा कार्यों के लिए अभिनंदन किया गया। अतिथियों ने सेवा भारती की कार्यकर्ता बहनों के समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहना आवश्यक है।
कार्यक्रम में सृष्टि के पदाधिकारी श्री संदीप ज़मींदार एवं श्री मनीषी श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री प्रवीण डांगी ने किया, जबकि आभार श्रीमती अनीता लोढ़ा ने व्यक्त किया।
समारोह का उद्देश्य सेवा कार्यों से जुड़े कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने के साथ समाज के जरूरतमंद वर्गों के बीच शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को और मजबूत करना रहा।





0 Comments