मांगलिया में 7 सितंबर को सियासी ‘पावर शो’!
सिंधिया के साथ परमार-सिलावट की मौजूदगी, 43 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
इंदौर। गणेशोत्सव के बीच सांवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मांगलिया में 7 सितंबर को बड़ा राजनीतिक और विकासात्मक कार्यक्रम होने जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा प्रदेश के मंत्री इंदरसिंह परमार और तुलसीराम सिलावट की मौजूदगी में 43 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत मांगलिया में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित आयुष औषधालय का लोकार्पण होगा। वहीं लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पांच सड़कों का भी लोकार्पण किया जाएगा।
इसके अलावा करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से कृषि उपज मंडी मांगलिया में विभिन्न विकास कार्य, ग्राम पंचायत भवन, बहुउद्देशीय कृषक सेवा केंद्र और आंगनवाड़ी भवनों से जुड़े निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी प्रस्तावित है।
सिलावट ने संभाली तैयारियों की कमान
कार्यक्रम को लेकर प्रदेश के मंत्री तुलसीराम सिलावट ने संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी की जाएं और आयोजन में किसी तरह की कमी न रहे।
सिंधिया समेत प्रदेश के दो मंत्रियों की मौजूदगी और करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन को देखते हुए मांगलिया का यह आयोजन विकास के साथ-साथ सियासी लिहाज से भी खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




0 Comments