पुलिस-प्रेस की ‘यारी’ में शहरहित की जिम्मेदारी! पत्रकारों ने खोली फील्ड की परेशानी, अफसरों ने दिया साथ का भरोसा



🚨 पुलिस और पत्रकार एक मंच पर, शहरहित में मजबूत होगा तालमेल!


24 घंटे फील्ड में रहने वाले रिपोर्टरों की समस्याएं अधिकारियों ने सुनीं, बाइट-विजुअल और वीडियो कवरेज में सहयोग का भरोसा


इंदौर पुलिस-प्रेस की अहम समन्वय बैठक में खुलकर हुआ संवाद, आपसी विश्वास और सहयोग के साथ आगे बढ़ने पर बनी सहमति

इंदौर पुलिस-प्रेस की समन्वय बैठक: शहर और जनहित में मिलकर काम करने पर जोर


पुलिस अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच खुलकर हुआ संवाद, फील्ड रिपोर्टिंग से जुड़ी समस्याओं पर भी मिला सहयोग का भरोसा


इंदौर। शहर में पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय, संवाद एवं सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को रानी सराय स्थित पुलिस सभागृह में पुलिस अधिकारियों और मीडियाकर्मियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई।


बैठक में पुलिस उपायुक्त जोन-3 अभिषेक रंजन, पुलिस प्रवक्ता एवं एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया, इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, रिपोर्टर और कैमरामैन मौजूद रहे।


बैठक का माहौल सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण रहा। इस दौरान मैदानी स्तर पर 24 घंटे काम करने वाले रिपोर्टरों और कैमरामैन ने पुलिस के साथ समन्वय के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं, विशेषकर बाइट, विजुअल और वीडियो कवरेज से जुड़ी दिक्कतों को अधिकारियों के सामने रखा। पुलिस अधिकारियों ने इन समस्याओं को गंभीरता से सुना और बेहतर सहयोग का भरोसा दिलाया।


बैठक में पुलिस और मीडिया के बीच आपसी विश्वास, संवाद और समन्वय को और मजबूत करने पर सार्थक चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने शहर एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर मिल-जुलकर बेहतर तरीके से कार्य करने और भविष्य में भी आपसी सहयोग एवं सौहार्द की भावना बनाए रखने पर सहमति जताई।


पुलिस प्रवक्ता एवं एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने कहा कि पुलिस और मीडिया समाज के महत्वपूर्ण सहयोगी हैं। उन्होंने कहा कि “इंदौर पुलिस और मीडिया एक परिवार के साथी हैं। इसी भावना के साथ आगे बढ़ते हुए आपसी समन्वय और सहयोग को लगातार मजबूत किया जाएगा।”


बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर तालमेल न केवल निष्पक्ष एवं प्रभावी खबरों के लिए जरूरी है, बल्कि शहर की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और जनहित के मुद्दों को मजबूती से सामने लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम सहित उपस्थित पत्रकारों ने भी सकारात्मक संवाद और समन्वय को आगे जारी रखने पर जोर दिया। बैठक का उद्देश्य पुलिस और मीडिया के बीच संवाद की ऐसी व्यवस्था को मजबूत करना रहा, जिससे फील्ड में काम करने वाले पत्रकारों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग समय पर मिल सके और शहरहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जा सके।


बैठक में प्रेस क्लब उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार मुकेश मंगल, कार्यकारिणी सदस्य अंशुल मुकाती, हेमंत नागले, मिथलेश गुप्ता, हेमंत शर्मा, अतीक अहमद, संदीप मिश्रा, हार्दिक प्रजापत, श्री डकलस, इमरान खान, राजा, अविनाश वर्मा, नरेंद्र गोस्वामी, राहुल, नीरज बोरासी, चंकी बाजपेयी, अखिलेश सेन सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments